आर्य समय  संवाददाता,जबलपुर। नागपुर-रीवा हाईवी पर अंधमूक बायपास ब्रिज के पास तेज रफ्तार एक कार हाईवा से टकरा गई। घटना में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार अन्य को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक और उसके घायल परिजन सिवनी जिले के रहने वाले हैं जो कि दर्शन करने मैहर जा रहे थे। हादसे के शिकार हुए लोगों के गांव तक एक्सीडेंट की जानकारी पहुंचाई जा चुकी है, जो कि शहर भी पहुंच चुके हैं।

गढ़ा पुलिस ने बताया कि सिवनी जिले के धनौरा गांव के रहने वाले मनोहर सिंह, उनके परिजन गोपाल सिंह, उमा सिंह, खुशी सिंह और दीक्षा सिंह, शारदा और ड्राइवर को लेक कार क्रमांक एमपी 9 सीडब्ल्यू 8581 से दर्शन करने के लिए मैहर जा रहे थे। तड़के जैसे ही अंधमूक बायपास स्थित ब्रिज के ऊपर पहुंचे तो सामने चल रहे एक हाईवा से कार टकरा गई। घटना में कार आगे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आगे बैठे मनोहर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य 6 लोगों को भी गंभीर चोटें आई हैं और घंटों तक वे सभी बेसुध ब्रिज पर ही पड़े रहे। नजर पड़ते ही राहगीरों ने तत्काल 108 एंबूलेंस और पुलिस को कॉल किया, जिसके बाद उन्हें उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घायलों ने बताया कि वे हाईवा का नंबर नहीं देख पाए। पुलिस आसपास पूछताछ कर आरोपी हाईवा चालक की पतासाजी में जुटी हुई है।

कहीं भी खड़े हो जाते हैं हाईवा

परिजनों ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि हाईवा संभवत बीच में खड़ा, हाईवे पर इस तरह लापरवाही पूर्वक वाहन खड़े करने से ही हादसा हुआ है। घटना के बाद चालक ने यह जरुरी भी नहीं समझा कि नीचे उतरकर उनकी हालत देख लें, वह वाहन सहित भाग निकला। बता दें कि अंधमूक बायपास ब्रिज पर और नीचे की तरफ अक्सर ही बेढ़ंगे हाईवा, डंपर खड़े रहते हैं। साथ ही लापरवाही पूर्वक तेज रफ्तार से रेत से भरे वाहन निकलते भी हैं, जिससे वहां हादसे होना आम बात हो गई है। लोगों का कहना है कि रेत से भरे ये हाईवा और डंपर अंधमूक बायपास के आसपास मौत बनकर मंडरा रहे हैं।