आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह ने अधारताल थाना प्रभारी विजय कुमार विश्वकर्मा को कार्य में उदसीनता और लापरवाही बरतने पर पुलिस लाइन संबंद्ध कर दिया है। जानकारी के मुताबिक बहुचर्चित बम विस्फोट के बाद से फरार हिस्ट्रीशीटर इनामी मोहम्मद समीम अहमद उर्फ शमीम कबाड़ी निवासी 1145 आनंद नगर घटना के बाद से फरार है। फरार शमीम कबाड़ी की गिरफ्तारी न होने सहित अन्य विभागीय कारणों से विजय विश्वकर्मा को लाइन अटैच किया गया है। 

गौरतलब है कि इसके प्ररकण के पूर्व से समीम कबाड़ी पर थाना गोहलपुर में 10 अपराध, सिविल लाइन में धोखाधड़ी, मारपीट, तोड़फोड़ और थाना अधारताल में आईपीसी की धारा 413,403 एवं  3,7 ईसी, आरपीएफ थाना जबलपुर एवं कटनी में रेल संपत्ति पर अवैध कब्जा अधिनियम के तहत तथा जिला उमरिया थाना पाली, जिला सागर के थाना बहेरिया, जिला नरिसंहपुर के थाना गोटेगांव में पूर्व से चोरी के अपराध पंजीबद्ध हैं। 

इसी तरह एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने कार्य समीक्षा सहित दक्षता को ध्यान में रखते हुए ओमती थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार को विजय नगर थाना प्रभारी बनाया है। विजय नगर थाना प्रभारी प्रतिक्षा मार्को को गोहलपुर थाना की कमान दी गई है। गोहलपुर थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल को थाना प्रभारी ओमती बनाया गया है। खमरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार अंधवार को घमापुर थाना प्रभारी बनाया है और घमापुर थाना प्रभारी भूपेंद्र आर्मो को खमरिया थाना की कमान सौंपी है।