आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। कुलाधिपति कार्यालय एवं सामान्य प्रशासन विभाग के आदेशों का रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) में कितना पालन हो रहा है। इसकी पड़ताल के लिए आज सुबह ठीक 10 बजे आर्य समय की टीम आरडीयू पहुंची। विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के ज्यादात्तर विभागों के ताले तो खुल गए थे,लेकिन कर्मचारी और अधिकारी नदारद थे। वहीं शैक्षेणिक विभागों में तो ताले लटकते हुए मिले। सबसे मजे की बात तो यह कि जब आर्य समय की टीम कैमरे में हकीकत को कैद कर रहे थे। ठीक उसी समय कुलगुरू भी अपने मोबाइल कैमरे से कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति का आंकलन करते हुए तस्वीरें ले रहे थे। उन्होने ने खुद देखा कि कर्मचारी विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी किए गए आदेश का पालन नही कर रहे हैं। जिसके बाद कुलगुरू डॉ. राजेश वर्मा को भी बोलना पड़ गया कि अब सख्ती का समय आ गया है।
दरअसल, प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग ने कर्मचारियों का ड्यूटी टाइम सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक का निर्धारित किया है। उक्त आदेश का पालन कराने को लेकर कुलाधिपति कार्यालय ने भी विश्वविद्यालय प्रशासन को दिए हैं। जिसके चलते आरडीयू प्रशासन ने 27 जून को आदेश जारी करते हुए कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित किए गए समय सीमा का पालन करने के निर्देश दिए थे। चेतावनी भरे लहजे में जारी हुए आदेशों की परवाह नहीं करते हुए आरडीयू का करीब- करीब 90 फीसदी अमला शुक्रवार को कार्यालयों से नदारत रहा।
कुलगुरू डॉ. वर्मा ने कहा कि कर्मचारियों-अधिकारियों को तीन दिनों का समय दिया गया है। वे अपनी कार्यप्रणाली में सुधार कर लें। तीन दिनों के बाद कुलाधिपति कार्यालय से मिले निर्देशों के तहत सख्त कार्रवाई शुरू हो जाएगी। प्रशासनिक भवन में 80 फीसदी बायोमैट्रिक मशीनों के लगाने का काम पूरा हो गया है। अगले - दो दिनों में सभी जगह मशीने लग जाएंगी। इसके बाद कर्मचारियों की ऑन लाइन मॉनिटिरिंग होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन की तैयारी है कि जुलाई माह से सौ फीसदी कर्मचारियों की उपस्थिति बायोमैट्रिक मशीनों में दर्ज होने लगे। दरअसल,कुलगुरू ने कुलसचिव कार्यालय को निर्देश दिए है कि तीन दिनों के भीतर मशीने सभी जगह लग जाए। ताकी जुलाई माह का वेतन बायोमैट्रिक उपस्थिति के आधार पर ही बने। कुलगुरू के इस निर्देश से कर्मचारियों में हडकंप मचा हुआ है।

Continue With Google
Comments (0)