आर्य समय  संवाददाता,जबलपुर। डोर टू डोर कचरा कलेक्शन करने वाली कंपनी के लगभग 1200 कर्मचारी पिछले पांच दिनों से हड़ताल पर हैं, जिससे व्यवस्था बुरी तरह लड़खड़ा गई है। नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग अपने स्तर पर कचरा कलेक्ट करने का प्रयास तो कर रहा है लेकिन यह कोशिश नाकाफी साबित हो रही है। आलम यह है कि शहर के 70 से 80 प्रतिशत घरों से पिछले पांच दिनों से कचरा नहीं उठ रहा है और अब बजबजा कर बदबू मारने लगा है। निगम प्रशासन की तरफ से ठेका कंपनी को अब तक  तीन नोटिस जारी किए जा चुके हैं लेकिन जबाव सिर्फ एक नोटिस का आया है, वह भी संतोषजनक नहीं है। ऐसे में अब अंतिम नोटिस जेएमसी कमिश्नर प्रीति यादव जारी करेंगी और इसके बाद भी हड़ताल खत्म नहीं हुई तो ठेका टर्मिनेट करने की कार्रवाई की जाएगी।

जोनों में फूंका मेयर का पुतला

डोर टू डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था बेपटरी होने से लोगों में भारी आक्रोश है। कांग्रेस पार्षद दल ने लोगों की इसी नाराजगी को जाहिर करने के लिए शनिवार को सभी 16 संभागों में प्रदर्शन कर मेयर का पुतला फूंका। नेता प्रतिपक्ष अमरीष मिश्रा ने कहा कि  इस अव्यवस्था का मुख्य कारण मेयर की उदासीनता है। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में लोगों के घरों में कचरे के ढेर लगे हैं, ऐसे में यदि संक्रमण फैलता है तो इसके जिम्मेदार भी महापौर होंगे। उन्होंने कहा कि नगर से लेकर केंद्र तक जिनकी सरकार है, वे एक छोटी सी हड़ताल खत्म कराने आगे नहीं आ रहे, जिससे साफ जाहिर होता है कि उन्हें शहर और शहरवासियों से नहीं सिर्फ अपने एशोआराम से ही मतलब है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पार्षद व कार्यकर्ता मौजूद थे।