अनमोल संदेश, भोपाल

मध्य प्रदेश में 26 अप्रैल को दूसरे चरण के लिए चुनाव होना है। इसके लिए इलेक्शन कमीशन ने अपनी पूरी तैयारियां कर ली हैं। साथ ही तीसरे चरण के लिए नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की स्थिति भी साफ हो गई है। प्रदेश में दूसरे चरण में 6 सीटों पर चुनाव होना है। इनमें टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा और होशंगाबाद सीट शामिल हैं।

प्रदेश में 26 अप्रैल को दूसरे चरण के चुनाव की वोटिंग होगी। इस दिन 6 सीट- टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा और होशंगाबाद में मतदाता अपने-अपने वोट डालेंगे। इन 6 सीटों में से एक सीट टीकमगढ़ अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व है। पहले इस दिन बैतूल लोकसभा सीट पर भी वोटिंग होनी थी, लेकिन बीएसपी प्रत्याशी के निधन के कारण यहां चुनाव रद्द हो गया है। दूसरे चरण के चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने तैयारी पूरी कर ली है। इन 6 लोकसभा क्षेत्र में कुल 1 करोड़ 11 लाख 62 हजार 460 मतदाता हैं। इनमें से एक करोड़ 10 लाख 39 हजार 752 मतदाताओं को क्यूआर कोड युक्त मतदाता सूचना पर्ची वितरित की जा चुकी है। बता दें, प्रदेश के सभी मतदाताओं को क्यूआर कोड वाली मतदाता सूचना पर्ची का वितरण किया जा रहा है। 

बैतूल में चुनाव रद्द

बैतूल लोकसभा सीट पर भी दूसरे चरण में मतदान होना था, लेकिन 9 अप्रैल को इस सीट से बीएसपी प्रत्याशी अशोक भलावी का हार्ट अटैक से निधन हो गया। दूसरे चरण के लिए नामांकन भरे जा चुके थे। ऐसे में अगर चुनावों की तारीख नहीं बदली जाती तो नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के कारण वोटिंग के दिन बीएसपी प्रत्याशी अशोक भलावी का नाम भी लिस्ट में मेंशन रहता। 

मध्यप्रदेश में 7 मई को तीसरे चरण का चुनाव होना है। इस दिन 9 लोकसभा सीट- बैतूल, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल और राजगढ़ पर वोटिंग होगी। भोपाल में 22 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, ग्वालियर में 19, गुना में 15, राजगढ़ में 15, मुरैना में 15, सागर में 13, विदिशा में 13, भिंड में 7 और बैतूल लोकसभा सीट में 8 प्रत्याशी मैदान में हैं।

अस्सी प्रत्याशी मैदान में

मध्य प्रदेश में दूसरे चरण के चुनाव के लिए 6 सीटों पर कुल 80 प्रत्याशी मैदान में हैं. दमोह लोकसभा सीट से 14, होशंगाबाद से 12, खजुराहो से 14, रीवा से 14, सतना से 19 और टीकमगढ़ से 7 प्रत्याशी मैदान में हैं।