आर्य संवाददाता, जबलपुर। पुलिस की जांच-पड़ताल और कोर्ट कचहरी के पचड़ों से त्रस्त शहर के सराफा कारोबारियों ने तय किया है कि, वे अब बिना पक्के बिल के पुराना सोना नहीं खरीदेंगे। जबलपुर एसोसिएशन सराफा ऐसो. ने यह सख्त निर्णय लिया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजा सराफ ने कहा है कि सुनारी का व्यवसाय बहुत बारीक और विश्वास के लेन-देन वाला होता है। सराफा व्यापारी पूरी ईमानदारी से व्यवसाय कर रहे हैं इसके बावजूद उन्हें जब-तब पुलिस और कोर्ट-कचहरी के फेर में बिना वजह उलझना पड़ जाता है। इससे बचने हमने देश में पहली बार ऐसा प्रयोग कर टाइट दिशा-निर्देश अपने सदस्यों के लिए जारी किए हैं। 

जारी गाइड लाइन में ज्वेलर्स को यह ताकीद की गई है कि कोई ग्राहक पुराना सोना लेकर आता है तो उसका पुराना बिल जरूर देख लें। इसके साथ ही पुराने जेवर से नया जेवर ग्राहक ले रहा है और उसके पास पूराना बिल नहीं है तो उसकी पूरी जानकारी लेने के बाद ही आप जेवर एक्सचेंज करे और आधार कार्ड पैन कार्ड फोन नंबर जरूर ले लें। 

इसी प्रकार गलाई और टंच वालों को भी सख्त ताकीद की गई है कि, अगर कोई रिटेल ग्राहक गलाई करने या टंच करने आ रहा है तो कृपया उसका काम न करें तथा किसी दुकान का लड़का जेवर गलाने या टंच कराने आ रहा है तो आप उस दुकानदार से कन्फर्म करने के बाद ही उसका काम करें। 

तैयार नियमावली सभी सराफा व्यापारी और टंच, गलाई वालों को भेज दी गई है। आशा है अब सब आगे से एसोसिएशन की निर्धारित गाइड लाइन पर ही काम करेंगे।