आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। घर में अकेली रहने वाली महिला की घर में रक्तरंजित लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी मच गई। वारदात की सूचना पर मौके पर पहुंची सिहोरा पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए प्रकरण की विस्तृत पड़ताल शुरु कर दी है। पुलिस ने शहर से बाहर रहने वाली मृतिका की बेटी को मामले की जानकारी दी है। पोस्टमार्टम के बाद लाश को मरचुरी में रखा गया है। परिजनों के आने के बाद लाश उनके सुपुर्द की जाएगी।
सिहोरा पुलिस ने बताया कि वार्ड नंबर 4 सैयद बाबा टोरिया निवासी चंदा श्रीवास्तव उम्र 54 वर्ष की लाश सूने घर में मिली है। मृतिका के सिर पर चोट के गंभीर निशान हैं और मौके पर खून मिला है। शनिवार रात करीब 9 बजे पड़ोसियों ने महिला चंदा बाई को किसी कार्य के लिए आवाज लगाई। जवाब न मिलने पर उसके मोबाइल पर संपर्क किया गया, मोबाइल रिसीव न होने पर पड़ोसियों ने महिला के एक रिश्तेदार को बुलाते हुए दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खोलकर देखा तो महिला जमीन पर रक्तरंजित पड़ी हुई थी। लोगों के द्वारा महिला को अस्पताल पहुंचाया गया,जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि चंदा श्रीवास्तव के पति की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है, उनकी एक बेटी है, जो शहर के बाहर रहती है। महिला घर में अकेली ही रहती थी।
रुपयों के लेनदेन का व्यापार करती थी महिला
पुलिस को प्राथमिक जांच में पता चला है कि महिला चंदा श्रीवास्तव रु पयों के लेन देन का व्यापार करती थी। कर्ज लेने वालों को उनके घर आना-जाना बना रहता था। क्षेत्र में चर्चा है कि घनी बस्ती के बीच में कोई महिला की हत्या कर चला गया और किसी को भनक तक नहीं लगी। पुलिस वार्ड- नंबर 4 में लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने महिला के घर से कुछ दस्तावेज व मोबाइल जप्त किया है।

Continue With Google
Comments (0)