आर्य समय  संवाददाता,जबलपुर। बरेला हाईवा पर देर रात दो ट्रकों में सीधे भिड़ंत हो गई। घटना में दोनों वाहनों में आग लगी और उसमें से एक का चालक आग की चपेट में आ गया और जिंदा जल गया। इस दर्दनाक हादसे को जिस किसी राहगीर ने भी देखा उसकी रुह कांप गई। मौके पर फायर ब्रिगेड का अमला भी पहुंचा लेकिन चालक की जान नहीं बच पाई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और फिर घायल को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

 बरेला पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ट्रक क्रमांक सीजी 12 बीजेड 4025 रायपुर से लोहा लोड कर जबलपुर की तरफ आ रहा था और ट्रक क्रमांक एमपी 20 एचबी 5793 गेहूं लोड कर जबलपुर से मंडला की ओर जा रहा था। जैसे ही दोनों ट्रक हाईवे के सामने रीतेश ढाबा के पास पहुंचे दोनों में तेज टक्कर हुई और फिर दोनों वाहनों में आग लग गई। रायपुर की ओर से आने वाला ट्रक के सामने का हिस्सा इतनी बुरी तरह चपट गया कि चालक बाहर नहीं आ पाया और फस गया, जिससे वह आग में जिंदा जलकर खाक हो गया। मृतक का नाम विकास गौतम बताया जा रहा है कि जो कि यूपी के आजमगढ़ का रहने वाला था और ट्रक चलाकर अपना जीवन यापन करता था। कंडक्टर भी आग की चपेट में आया था, जिसका उपचार जारी है।

चाहकर भी कोई कुछ नहीं कर सका

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर होते ही आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। घटना को देखकर राहगीर रुकने लगे लेकिन किसी के बस में कुछ नहीं था। ऐसे में चाहकर भी कोई कुछ नहीं कर पाया। सूचना मिलने के कुछ देर बाद ही फायर ब्रिगेड का अमला भी आ गया लेकिन तब तक चालक इतनी बुरी तरह जलकर दम तोड़ चुका था।  दोनों वाहन भी बुरी तरह जले हैं, जिन्हें आज सुबह-सुबह क्रे न से हटवाया गया।
https://youtu.be/och6H3mOZbc