आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। नरसिंहपुर जिले से चावल लेकर जबलपुर आ रहे चावल से भरे ट्रक को बीच रास्ते में लुटेरों ने लूट लिया। चालक-परिचालक ने पुलिस को बताया कि जंगल में घाट उतरते समय कुछ नकाबपोश लोगों ने वाहन रोककर चावल से भरी बोरियां उतार लीं। लुटेरों से बचकर किसी तरह वाहन लेकर भागे, तो घबराहट में ट्रक सड़क के नीचे उतरकर खाई में घुस गया। सड़क पर लूट की सूचना मिलते ही एसडीओपी पाटन लोकेश जाटव, थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस को पूरा मामला संदिग्ध लग रहा है।

एसडीओपी लोकेश जाटव ने बताया कि पाटन बार्डर के बनखेड़ी घाट के पास चावल से आधा भरा हुआ ट्रक मिला है। ट्रक का तिरपाल खुला हुआ है। चालक ने पुलिस को बताया कि रात में वह चावल से भरा ट्रक लेकर जबलपुर आ रहा था, तभी बनखेड़ी घाट पास कुछ लोगों ने ट्रक रोककर लाखों रुपए कीमत की चावल की बोरियां लूट लीं।

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो ट्रक की तकवारी के वाहन में बैठा परिचालक मौके पर नहीं मिला। पुलिस को संदेह है कि चलते वाहन से आधा ट्रक बोरियां निकालकर ले जाना बड़ा आश्चर्यप्रद है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच-पड़ताल कर रही है। सड़क किनारे फसे ट्रक को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला जा रहा है। पुलिस ने वाहन मालिक को थाना बुलाया है।