आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश को जबलपुर के गोकलपुर रांझी में तीरंदाजी खेल अकादमी की सौगात देते हुए कहा कि प्रदेश में खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर जो सुविधाएं दी जाती हैं। वे सभी सुविधाएं प्रदेश के खिलाड़ियों को भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खेल मंत्रालय द्वारा जो भी खेल नीति तय की जाएगी, वो राज्य में अमल में लायी जाएगी। प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ओलंपिक, एशीयाड और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने के लिए भारत ने खेलों की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात बुधवार को यहां जबलपुर के रांझी में 26.80 करोड़ की लागत से बनी राज्य तीरंदाजी खेल अकादमी का लोकार्पण करते हुए कही। उन्होंने राज्य स्तरीय खेल अकादमी का नामकरण स्व. ईश्वरदास रोहाणी के नाम पर करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश नए दौर में प्रवेश कर रहा है। इस नए दौर में हम हर क्षेत्र में समान रूप से विकास कार्यो की गति बढ़ा रहें है। आज जिस खेल अकादमी और इसमे सिंथेटिक एथलेटिक ट्रेक का लोकार्पण हुआ है। इसका मूल्य सभी खिलाड़ी जानते है।

इस दौरान लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद द्वय आशीष दुबे एवं सुमित्रा बाल्मीक, विधायक सर्वश्री अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, अभिलाष पांडे,  नीरज सिंह ठाकुर, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू,  महाधिवक्ता प्रशांत सिंह, ओलंपिक संघ के सचिव दिग्विजय सिंह व  नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज मौजूद रहे।