आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। विकास की राह में लगातार तेजी से दौड़ रहे जबलपुर को आज एक और नयी सौगात मिल गई है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने रविवार को सगड़ा से लम्हेटा मार्ग पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज कम फ्लाईओवर के लिए भूमिपूजन किया।
जानकारों के मुताबिक यह नया फ्लाईओवर 1200 मीटर वाली लम्बाई का होगा। इसके लिए डिटेल प्रोजक्ट रिपोर्ट पहले ही तैयार की जा चुकी है। आज हुए भूमिपूजन के तत्काल बाद लोक निर्माण विभाग द्वारा इसकी निविदा के लिए प्रक्रिया शुरु कर दी जाएगी।
खास बात यह है कि इस रेलवे ओवरब्रिज कम फ्लाईओवर के बन जाने से यहां रेलवे लाइन, नेशनल हाईवे पर ट्रेफिक और नहर इन तीनों को कवरेज मिल जाएगा। इन तीनों ही स्थानों पर ऊपर से निकलने वाले ओवर ब्रिज पर यातायात शुरु होने से लम्हेटा-भेड़ाघाट सीधे-सीधे तौर पर सगड़ा-चौकीताल से जुड़ जाएंगे।
भूमि पूजन के अवसर पर मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि जबलपुर में सड़क इन्फ्रास्ट्रक्चर की दृष्टि से एक और नया अध्याय जुड़ गया है। आज जिले के नैनपुर मार्ग स्थित लेवल क्रॉसिंग (लम्हेटा-सगड़ा मार्ग) पर ₹76.13 करोड़ लागत से बनने जा रहे आरओबी कम फ्लाईओवर का भूमिपूजन किया गया।
यह पुल पश्चिम और बरगी विधानसभा क्षेत्र सहित 70 गांवों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराएगा, जिससे क्षेत्र के लाखों लोग लाभान्वित होंगे।हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ 'ईज ऑफ लिविंग' से 'ईज ऑफ क्वॉलिटी' और ' ईज ऑफ बिजनेस' के लक्ष्य के साथ कार्य कर रहे हैं।इस अवसर पर सांसद आशीष दुबे,विधायक अशोक रोहाणी, नीरज सिंह आदि उपस्थित थे।

Continue With Google
Comments (0)