आर्य समय संवाददाता जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) में रिश्वत लेते पकड़ा गया शैक्षणोंत्तर कर्मचारी संघ उपाध्यक्ष राजेंद्र कुशवाहा को आज शुक्रवार को निलंबित कर दिया गया। निलंबन काल में राजेंद्र कुशवाहा वेंकटेश लाइब्रेरी कटनी में अटैच रहेंगे। उन्हें नियमित रूप से वहां उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इतना ही नहीं राजेंद्र कुशवाहा पर विभागीय जांच भी बैठाई गई है। जो पूरे मामले में जांच कर कुलगुरु के समझ रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

कुलगुरु प्रोफेसर राजेश वर्मा ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में किसी को छोड़ा नहीं जाएगा। कुलगुरु ने कहा कि इस घटनाक्रम से विश्वविद्यालय की छवि खराब हुई है। उन्होंने सख्ती कार्यवाही का संकेत देते हुए कहा कि राजेंद्र कुशवाहा के मामले में विभागीय जांच भी कराई जा रही है। वहीं किसी भी प्रकार से जांच प्रभावित ना हो इस बात को ध्यान में रखते हुए संबंधित कर्मचारी को कैंपस से बाहर कटनी स्थित लाइब्रेरी में अटैच किया गया है।

कुलसचिव डाॅ. दीपेश मिश्रा ने बताया कि भृत्य राजेन्द्र कुशवाहा को लोकायुक्त द्वारा रंगेहाथ रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है। निलंबन काल में उन्हें शासन के नियमानुसार जीवन यापन के लिए भत्ते की पात्रता होगी।