आर्य समय संवाददाता जबलपुर। जेल पुलिस की अभिरक्षा में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आईसीसीयू वार्ड में भर्ती कैदी बुधवार को हथकड़ी खोलकर अपने बेटे के साथ फरार हो गया। इस मामले में लापरवाही बरतने पर जेल पहरी को निलंबित कर दिया गया है। सुबह करीब 5:30 बजे नींद से जागे सुरक्षा कर्मियों ने पलंग खाली देखा तो उनके होश उड़ गए। सुरक्षा कर्मियों ने अपने स्तर पर पूरा मेडिकल अस्पताल परिसर छान मारा लेकिन फरार कैदी नहीं मिला। जेल पुलिस के सुरक्षा कर्मियों की सूचना पर गढा थाना पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध करते हुए फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। केंद्रीय जेल जबलपुर अधीक्षक ने बताया कि जेल में निरुद्ध विचाराधीन बंदी मोइन खान उर्फ साका बबलू पिता सलीम खान उम्र 39 वर्ष निवासी नए थाना के पास बनखेड़ी थाना बनखेड़ी जिला नर्मदापुरम जेल पुलिस की अभिरक्षा से मेडिकल अस्पताल के आईसीसीयू वार्ड से हथकड़ी खोलकर भाग गया है। बताया जाता है कि मोइन खान उर्फ साका बीते कई माह से मेडिकल में भर्ती है। मोइन खान बलात्कार सहित अन्य प्रकरण में जिला जेल सीहोर से ट्रांसफर होकर सेंट्रल जेल जबलपुर में निरु द्ध था। आरोपी के विरूद्ध नर्मदा पुरम में अपराध पंजीबद्ध है, जो विचाराधीन है।

https://www.youtube.com/watch?v=c6l-SSoSHs8