आर्य समय संवाददाता जबलपुर। 2 दिसंबर को खमरिया पिपरिया शराब दुकान संचालक पर फायरिंग मामले में शातिर बदमाश रूपेंद्र साहू को पुलिस दिल्ली से दबोच लायी है। हालांकि शूटर आकाश बग्गा अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। रूपेंद्र साहू को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सीएसपी विवेक गौतम ने बताया कि रूपेंद्र और उसकी गैंग के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। रूपेंद्र साहू पर हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट और अवैध हथियार रखने सहित 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक गैंग बना लिया था, जिसमें 20 से 25 साल के लड़के शामिल थे। यह गैंग अपराध करने के लिए इन्हें पैसे का लालच देता था। दो महीने पहले रूपेंद्र ने एक दूध विक्रेता पर चाकू से हमला किया था।पुलिस लगातार गैंग के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर रही है और जल्द ही पूरी गैंग का सफाया कर दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि खमरिया शराब दुकान के संचालक ने शराब तस्कर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद तस्कर के भाई को यह नागवार गुजरा। उसने अपने गुर्गों को दुकान संचालक की हत्या करने भेजा। बदमाशों ने 2 दिसंबर को ताबड़तोड़ फायरिंग की, लेकिन शराब दुकान संचालक बाल-बाल बच गया।
इधर पुलिस को जानकारी मिली कि रूपेंद्र सिहोरा के एक खेत में छिपा हुआ है, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह भागने में सफल हो गया।बाद में पुलिस को सूचना मिली कि वह दिल्ली के जनकपुरी इलाके के एक होटल में छिपा हुआ है। पुलिस ने तुरंत चार सदस्यीय टीम भेजी और उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया।

Continue With Google
Comments (0)