आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। न्यू ईयर पर शराब पीकर हुडदंग करने वालों को पुलिस सीधा जेल भेजने की तैयारी में हैं। सूत्रों के मुताबिक शराब पीकर बेवजह उत्पात मचाने वाले लोगों के साथ सख्ती से निपटने के लिए पुलिस अधिकारियों ने पूरा प्लान तैयार कर लिया है। उत्पात/हुडदंग करने एवं अशांति फैलाने वाले को सीधे जेल भेजने की तैयारी चल रही है। इसी तरह न्यू ईयर में संभावित कॉकटेल पार्टी कराने वाले आयोजकों को पुलिस दो टूक चेतावनी दे रही कि पार्टी में किसी भी तरह की अश्लीलता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी। पुलिस न्यू ईयर पार्टियों में नजर रखेगी और हंगामा करने वालों पर सख्त कार्रवाई करेगी।

एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर पुलिस कंट्रोल रूम में नव वर्ष की पूर्व संध्या पर कार्यक्र म का आयोजन करने वाले आयोजकों की बैठक एएसपी आनंद कलादगी, एएसपी सूर्यकांत शर्मा और एएसपी प्रदीप कुमार शेण्डे द्वारा ली गई है। बैठक में सभी सीएसपी, डीएसपी, एसडीओपी सहित होटल, रिसोर्ट और क्लबों के लगभग 50 संचालक/मैनेजर मौजूद रहे। एएसपी आनंद कलादगी ने कहा कि आयोजित कार्यक्रम रात 12 बजे तक स्वयं बंद करा देंगें, डीजे पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।

साउंड बाक्स का साउंड परिसर तक ही सीमति रखेंगे और इंमरजेंसी लाईट की व्यवस्था रखेंगे। जिन होटल एवं क्लब में शराब/बीयर पिलाने का लायसेंस नही है, वहां शराब का सेवन नहीं होगा।  आयोजित कार्यक्र म स्थलों पर पार्किंग की व्यवस्था मैनेजमेंट के द्वारा की जाए। मैनेजमेंट ही यह सुनिश्चित करेगा कि जिन्हें आमंत्रित किया गया है वह ही कार्यक्र म में शामिल होे।

व्यवास्थपकों द्वारा कार्यक्रम स्थल पर निजी सुरक्षा गार्ड एवं वालेन्टीयर्स तैनात किए जाएं। कोई कार्यक्र म ऐसा आयोजित न करें, जिसमें अश्लीलता हो। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर जगह जगह चैकिंग पांइट लगाए जाएंगे। मैनेजमेंन्ट कार्यक्र म की आवश्यकतानुसार वीडियोग्राफी कराएंगे ताकि आवश्यकता पड़ने पर व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा सके।
 
पुलिस को करें सूचित-
घर के समीप या मोहल्ले में शराब पीकर बेवजह हंगामा करने या फिर परेशान करने वालों की सूचना आप अपने संबंधित थाना, पुलिस कंट्रोलरूम  0761-2676100-101 या फिर डायल 100 पर दें। पुलिस 10 मिनट में आपकी मदद के लिए मौके पर होगी।
 
यहां होगी विशेष चैकिंग-
मेडिकल से भेड़ाघाट मार्ग पर बने गार्डन, रेस्टारेंट एवं मैरिज हॉल, शहर के दोनों मॉल, कटाव,सदर, सिविक सेंटर, गोरखपुर, ग्वारीघाट, भटौली, विजय नगर क्षेत्र, बरगी बांध, नर्रइ ग्राम, बरेला, महाराजपुर, त्रिपुर सुंदरी मार्ग, डुमना नेचर पार्क, न्यू भेड़ाघाट,परियट, बाइपास एवं तिलवारा पुल पर सहित प्रतिष्ठत होटलों एवं चिन्हित फार्महाउसों पर पुलिस कभी भी पहुंच सकती है।