आर्य समय संवाददाता जबलपुर। जिले के पाटन तहसील के पास अमरपुर गांव में आज सोमवार की सुबह करीब 9 बजे मजदूरों से भरा पिकअप वाहन अचानक पलट गया। जिसमें सवार करीब 20 मजदूर घायल हो गए, 8 की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें इलाज के लिए मेडिकल काॅलेज रेफर किया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही पाटन थाना पुलिस के साथ 108 मौके पर पहुंची और सभी घायलों को पाटन स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। 8 मजदूरों को प्राथमिक उपचार देने के बाद जबलपुर भेजा गया, जबकि बाकी का इलाज जारी है। घटना उस दौरान हुई जब मटर तोड़ने के लिए ये सभी मजदूर जो कि छेड़ी बरोदा गांव के रहने वाले पिकअप वाहन में पीछे बैठकर महुआ खेड़ा गांव जा रहे थे। जैसे ही तेज रफ्तार पिकअप वाहन अमरपुर पहुंचा तभी अनियंत्रित होकर पलट गया। 

वाहन पलटते ही चारों तरफ चीख पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर वाहन में दबे हुए मजदूरों को  बाहर निकाला और पाटन थाना पुलिस सहित 108 को सूचना दी। घायलों की संख्या ज्यादा थी, लिहाजा 108 के साथ-साथ निजी वाहनों से सभी को पाटन स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। 8 मजदूरों बुरी तरह से जख्मी थे। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल है।

बरौदा गांव में रहने वाले घायल अशोक कुमार ने बताया कि आज सुबह पिकअप वाहन में बैठकर 35 लोग महुआखेड़ा गांव आ रहे थे, जैसे ही तेज रफ्तार वाहन अमरपुर के पास पहुंचा, तभी लहराते हुए पलट गया। अशोक कुमार ने बताया कि बहुत सारे साथी वाहन के नीचे बहुत देर तक दबे रहे। आसपास के ग्रामीण मौके पर आए और वाहन को अलग करने के बाद घायलों को 108 से पाटन अस्पताल लेकर आए। 

घटना की जानकारी लगते ही पाटन थाना पुलिस का स्टाफ मौके पर पहुंचा और घायलों के बयान दर्ज करने के बाद वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पाटन थाना प्रभारी के मुताबिक पिकअप वाहन में 30 से 35 लोग सवार थे, 20 से अधिक लोग घायल है, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी है। 8 मजदूरों को अधिक चोट आने के कारण जबलपुर मेडिकल काॅलेज रेफर किया गया है। 

गंभीर रूप से घायल कला बाई गौंड, 41 साल , ग्राम बरौदा- राम बाई 46 साल , ग्राम बरौदा- अशोक बसोर 55 साल, ग्राम बरौदा- सिम्मा झारिया, 45 साल, ग्राम बरौदा- रंजीता गौड़, 13 साल ग्राम बरौदा- कमररानी उम्र 42 साल, ग्राम बरौदा- शेखर गौड़, उम्र 16 साल , ग्राम बरौदा- कुमारी लीला, उम्र 17 साल  ग्राम बरौदा के मेडिकल में उपचार चल रहा है।