आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रांझी थानाक्षेत्र के मस्ताना चौक में फूल माला की दुकान लगाने वाली 40 वर्षीय महिला को उसके कथित ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना को अंजाम देने के बाद उसने खुद को भी आग के हवाले कर दिया। घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है।

एएसपी सुर्यकांत शर्मा  ने बताया कि मानेगांव निवासी सपना यादव नामक महिला मस्ताना चौक पर फूल माला की दुकान लगाती है। दोपहर 12.20 बजे के करीब महिला की दुकान पहुंचे नरेंद्र पंजाबी नामक व्यक्ति ने उससे शादी करने की बात कही। जिस पर महिला ने खुद को शादीशुदा व तीन बच्चे होना बताते हुए उसे साफ इंकार कर दिया। इस बात से बिफरे कथित प्रेमी ने महिला पर और खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। 

पुलिस का कहना है कि शादीशुदा महिला और युवक के बीच पिछले कई सालों से प्रेम संबंध थे। दोनों के रिश्ते के बारे में उनके घर वालों को भी पता थे। हालांकि लंबे समय से मायके में रह रही महिला के रिश्तेदारों का कहना है कि आरोपी युवक उसे परेशान कर रहा था। जिसकी सूचना उनके द्वारा की बार पुलिस को भी दी गई थी। आज हुई घटना में महिला करीब 40 फीसदी जल गई है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं आरोपी युवक भी करीब 25 फीसदी झुलस गया है।