आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। बीते एक पखवाड़े से 12-13 डिग्री के आसपास झूल रहा न्यूनतम तापमान आज एकदम से धड़ाम होकर 7 डिग्री पर पहुंच गया। यह इस सीजन में पहली बार हुआ जब तापमान एक दम से इतनी नीचे गिरा हो। अमूमन पहले के वर्षों में भी पारे में इतनी तेज गिरावट कम ही देखने में आई है।
कल सुबह शहर की मौसम वेधशाला में शहर का न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया था और आज यह धड़ाम से 7 डिग्री पर जा पहुंचा जो सामान्य से 5 डिग्री कम रहा। कल तक सामान्य रही ठंड के बाद आज सुबह मार्निंग वॉक पर निकले लोग शीतलहर में सिहुर गए।
आज रिकॉर्ड 7 डिग्री न्यूनतम तापमान समूचे महाकोशल में सबसे कम रहा। मण्डला में 7.4 डिग्री, नरसिंहपुर में 11.2 डिग्री और सिवनी वेधशाला में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विदों ने पारे में और गिरावट की आशंका जाहिर की गई है।

Continue With Google
Comments (0)