आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। दमोहनाका,रानीताल चौक,मदन महल चौक से मेडिकल रोड पर किये जा रहे फ्लाई ओवर के कार्य के  बीच मदन महल रेलवे स्टेशन में तैयार किये जा रहे एलीवेटेड कॉरीडोर को पूरा करने के लिए मदन महल स्टेशन में 25 अक्टूबर को मेगा ब्लाक रखा गया है। इस बार का ब्लाक दो चरणों में रहेगा। जिसमें अप ट्रेक में सुबह का ब्लाक 10:50 से 14:50 तक चार घंटे के लिए रहेगा तो वहीं रात्रि में 21:40 बजे 22:40 बजे तक 1 घंटे का ब्लाक रखा जाएगा। बताया जाता है कि इस दौरान कांक्रीट डालने का काम किया जाएगा जिसके चलते ब्लॉक के दौरान तीन से चार ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।

ब्लाक के दौरान डाउन ट्रेक पर रेल यातायात पूर्व की तरह चलता रहेगा,सिर्फ अप ट्रेक को ब्लाक कर एलिवेटेड कॉरीडोर का काम किया जाएगा। सूत्रों की मानें तो 25 अक्टूबर को लिया जाने वाला ब्लाक अंतिम बार लिया जा रहा है,इसके पश्चात ब्लाक की नौबत नहीं आएगी। उल्लेखनीय है कि अक्टूबर के अंत तक केबिल स्टेब्रिज का काम पूरा करने के लिए निर्माण एजेंसी को पहले ही पीडब्ल्यूडी द्वारा कह दिया गया था।