आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। वन परिक्षेत्र जबलपुर के अंतर्गत आने वाले बरगी - समाधि रोड पर शनिवार की सुबह वीरांगना रानी दुर्गावती समाधि स्थल के समीप झाड़ियों में एक तेंदुआ मृत अवस्था में मिलने से हडकंप मच गया। शेड्यूल एक के वन्य प्राणी तेंदुए की सूचना मिलते ही मौके पर वन विभाग का अमला पहुंच गया। लेकिन वन अमले के पहुंचने के पहले ही शिकारियों ने मौका पाकर तेंदुए के शव को गायब कर दिया था। जब वन अमले ने सूचनाकर्ता द्वारा बताए स्थल के हालात देखे तो सभी दंग रह गए। मौके पर तेंदुए के कुछ बाल पड़े हुए थे, लेकिन शव गायब था। जिसके बाद पूरे क्षेत्र की सर्चिंग की गई तो शव मंडला बार्डर से बरामद हुआ‌। जिसके बाद शव को पोस्ट मार्टम के लिए रवाना किया गया।
<iframe frameborder="0" src="//www.youtube.com/embed/LEF_yjGa-Ak" width="640" height="360" class="note-video-clip"></iframe>
जानकारी के मुताबिक शनिवार की सुबह 11 बजे समाधि स्थल से गुजर रहे एक राहगीर ने झाड़ियों के पास से तेज दुर्गंध आना पाया। नजदीक जाकर देखा तो झाड़ियों में एक तेंदुए का शव पड़ा हुआ था। जिससे दुर्गंध आ रही थी। राहगीर ने तत्काल वन विभाग को इस बात की सूचना दी और आगे चला गया। सूचना पर जब वन अमला पहुंचा तो उन्हें बताएं गए स्थान पर कुछ नहीं मिला। लेकिन ऐसा प्रतीत हो रहा था कि किसी को झाड़ियों के बीच से घसीटा गया है। लिहाजा अमले ने पड़ताल की और पाया कि तेंदुए के शव को घसीट कर किसी अज्ञात द्वारा जबलपुर -मंडला बार्डर पर बनी दीवार के पीछे फेंक दिया था। चुंकि सूचना पर मंडला रेंज का अमला पहुंच गया था। लिहाजा तेंदुए के शव को निकलवाया गया और पोस्ट मॉर्टम के लिए भेजा गया। वन विभाग का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। वहीं तेंदुए की मौत किन परिस्थितियों में हुई इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।