आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के ब्रांच मैनेजर प्रदीप पटले और कंप्यूटर ऑपरेटर शैलेश बिसेन को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने भंडारण स्टॉक में गेहूं की कमी को छुपाने के एवज में 92 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। लोकायुक्त टीम फिलहाल आरोपियों के कार्यालय में दस्तावेजों की जांच कर रही है।
लोकायुक्त डीएसपी ने बताया कि तिलसानी स्थित वेयरहाउस ब्रांच मैनेजर प्रदीप पटले ने रांझी निवासी गुरु नानक वेयरहाउस के संचालक दमनीत सिंह भसीन से 100 क्विंटल गेहूं कम पाए जाने पर कार्रवाई न करने के लिए 92 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। प्रदीप पटले ने धमकी दी थी कि यदि रकम नहीं दी गई तो वेयरहाउस को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा। लगातार दबाव के चलते दमनीत सिंह ने लोकायुक्त एसपी से शिकायत की थी। सत्यापन के बाद बुधवार दोपहर लोकायुक्त टीम ने हंसापुर पड़वार कुंडम स्थित वेयरहाउस में कार्रवाई की।
लोकायुक्त टीम ने प्रदीप पटले को पहली किश्त के 50 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। इसी दौरान कंप्यूटर ऑपरेटर शैलेश बिसेन भी रिश्वत की रकम अपने पास रखते हुए पकड़ा गया। दोनों को गिरफ्तार कर दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है।

Continue With Google
Comments (0)