आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र की पारस कॉलोनी में निर्माणाधीन 2 मंजिला इमारत मेें कार्य करने के दौरान मजदूर सिर के बल नीचे गिर गया। हादसे में मजदूर का सिर फट गया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले को जांच में लिया है।
जानकारी के मुताबिक वार्ड नंबर 1 नया मोहल्ला निवासी शेख नासिर 40 साल पारस कॉलोनी वार्ड नंबर 12 में ऋषभ प्यासी के निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल की छत पर अकेला टीन शेड का स्ट्रक्चर तैयार कर रहा था। कार्य के दौरान शेख नासिर बाजू वाले घर के आंगन में सिर के बल करीब 30 फीट उंचाई से नीचे गिर गया।
सिर के बल गिरते ही शेख के सिर से खून की धार फूट पड़ी और कुछ ही समय में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दर्दनाक हादसे की खबर लगते ही मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। संभावना यह भी जताई जा रही है कि टीन का शेड तैयार करने के लिए शेख ने छोटी वेल्डिंग मशीन ऊपर रखी हुई थी। करंट लगने के कारण वह अनबैलेंस हुआ और नीचे गिर गया। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
Comments (0)