आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। हनुमानताल थानाक्षेत्र में पड़ोसियों में पालतू बिल्ली को लेकर झगड़ा हो गया। बात यहां तक पहुंच गई कि एक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक अक्शा मस्जिद के पास रहने वाला मो. रहीम अपने घर में बिल्ली और उसके बच्चों को पाला हुआ है। दो दिन पूर्व उसने देखा कि बिल्ली और बिल्ली के बच्चे घर से गायब थे। तभी उसे पता चला कि पड़ोस ने रहने वाले कौसर और रीना के पास उसकी बिल्लियां हैं। रहीम ने उनके घर जाकर बिल्लियां वापस मांगी तो वे लोग उसके एवज में दो हजार रुपए मांगने लगे। रुपए न देने की बात पर दोनों पर विवाद हुआ तो कौसर ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। घटना में रहीम के हाथ-पैर, सिर में चोटें आई हैं। पुलिस ने घायल का उपचार कराते हुए आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।