आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। पनागर के गुरुनानक वार्ड में आज सुबह-सुबह भीषण अग्निहादसा हो गया। बैटरी की दुकान में ऐसी आग लगी कि वहां रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया। हादसे में करीब 8 से 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है और पूरे क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक गुड्डू पटेल की  गुरुनानक वार्ड में मां नर्मदा बैटरी सर्विस के नाम से दुकान है। बीती रात निर्धारित समय पर वह दुकान बंद कर घर चला गया। आज सुबह करीब 4 बजे उसे किसी ने कॉल कर बताया कि दुकान में आग लग गई है। गुड्डू व उसके परिजन आनन-फानन में दुकान पहुंचे तब तक फायर ब्रिगेड का अमला भी पहुंच चुका है। अमले ने काफी मशक्कत के बाद आग पर तो काबू पा लिया लेकिन तब तक दुकान का पूरा सामान जल चुका था।

दुकान में ये-ये जला
बताया जा रहा है कि दुकान में करीब 35-40 हजार रुपए नगद, 15 नग ट्रेक्टर की बड़ी बैटरी, 8 बैटरी छोटी,6 नग कार की बैटरी, 2 नग इंवर्टर की बैटरी, आॅयल, ट्रेक्टर पार्ट्स, आधार कार्ड, चेकबुक, पेन कार्ड सहित अन्य कीमती सामान रखा था, जो कि हादसे में जल गया। फिलहाल आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है लेकिन लोगों के बीच शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की चर्चा हो रही है।