आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। सिहोरा के डबल लॉक केंद्र में आज डीएपी खाद के लिए परेशान किसानों ने हंगामा कर दिया। बताया जा रहा है कि यहां आसपास के लगभग सौ गांवों के किसान सुबह मुंह अंधेरे से लाइन लगा कर खड़े हुए थे। दरअसल किसानों को सोमवार से यहां अपना आधार कार्ड जमा कर के टोकन बांटने के बाद डीएपी खाद का वितरण किया जाना प्रस्तावित था।

लेकिन ना तो समय पर कोई अधिकारी यहां पहुंचा ना ही कोई जिम्मेदारी कर्मचारी किसानों को मिला जबकि किसान सुबह से अपना आधार आदि दस्तावेज जमीन पर रख कर लाइन लगाए हुए थे। किसानों ने आरोप लगाया कि डबल लॉक का प्रभारी अधिकारी सत्यजीत राय जो पहले शहपुरा में कालाबाजारी के आरोपों से घिर चुका है उसको यहां पदस्थ कर दिया गया है।उस सत्यजीत राय ने यहां पर भी डीएपी खाद की कालाबाजारी शुरु कर दी है।

नतीजा यहां से किसानों के हिस्से की खाद व्यापारियों को बेच दी जा रही है। नतीजा यह है कि डबल लॉक सेंटर से किसानों को खाद नहीं मिल रही उधर व्यापारी के पास पूरी खाद मिल रही है। प्रशासन द्वारा नोटिस चस्पा किए जाने के बाद आज सुबह से अनेक गांव के किसान चार बजे से यहां लाइन लगा कर खड़े रहे लेकिन उन्हे डीएपी खाद नहीं मिली। इसके चलते किसानों ने हंगामा करना शुरु कर दिया लेकिन ना तो प्रशासन का कोई अफसर यहां आया ना ही किसी जनप्रतिनिधि ने कोई खोज खबर ली।

उधर कुछ किसानों ने सोशल मीडिया-फेसबुक आदि पर तत्काल यहां बने माहौल के वीडियो-फुटेज इत्यादि वायरल करना शुरु कर दिए। इसके चलते भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी यहां पहुंच गए और उन्होने तत्काल ही प्रशासन से मांग करना शुरु कर दी कि ऐसे भ्रष्ट अधिकारी और कर्मचारियों को यहां से तत्काल हटाया जाए और उन पर सख्त कार्रवाई की जाए। फील्ड में इस तरह के डिफॉल्टरों के कारण किसान लगातार परेशान हो रहे हैं।