आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। आयुध निर्माणी जबलपुर (OFJ) कर्मी पर जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म में जानलेवा हमला किया गया है। पूरी वारदात प्लेटफॉर्म में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। जिसमें दो युवक पहले तो ओएफजे कर्मी से छिना झपट कर रहे हैं। उसके बाद उक्त युवकों में से एक ने चाकू से दनादन वार करना शुरू कर दिया।
जानकारी के मुताबिक आयुध निर्माणी जबलपुर में कार्यरत 29 वर्षीय सुजीत दास पिता मनोहर अपने पैतृक गांव झारखंड जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहा था। वह प्लेटफार्म नंबर 2-3 पैदल पुल के पास खड़ा हुआ था। इसी दौरान दो युवक उसके पास पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद करने लगे। जब सुजीत दास ने इसका विरोध किया तो उसके ऊपर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के हमले से यात्री वहीं गिर पड़ा।
बाद में इस घटना की जानकारी जीआरपी को लगते ही वह मौके पर पहुंची और घायल को गंभीर रूप से उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जीआरपी ने बताया कि घायल बोलने की स्थिति में नहीं है उसकी पसली में चाकू के गहरे घाव लगने के कारण उसकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है। पूरी घटना मंगलवार रात का बताया जा रहा है। फैक्ट्री सूत्रों की मानें तो घायल कर्मी की मनसिक स्थिति सही नहीं है। रेलवे स्टेशन में हुई इस वारदात की जीआरपी जांच कर रही है। बुधवार को जीआरपी की एक टीम ओएफजे भी पहुंची थी, ताकि घायल के परिजनों को सूचना दी जा सके।

Continue With Google
Comments (0)