आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। कटंगी के निदान फॉल में डूबे नाबालिग लड़के का शव मिल गया है लेकिन रंगरेज मोहल्ले के नाले में बहे बालक का फिलहाल कोई सुराग नहीं लगा है, जिसकी तलाश की जा रही है। बता दें कि रविवार दोपहर कटनी की तिलक कॉलोनी में रहने वाले सात दोस्त कटंगी स्थित निदान फॉल घूमने आए थे। इसी दौरान उन लोगों में शामिल 17 वर्षीय गोपी ठाकुर एक चट्टान पर खड़ा होकर सेल्फी लेने लगा तभी उसका पैर फिसला और वह पानी में गिर गया। गोपी के दोस्तों और वहां मौजूद अन्य लोगों ने उसे तलाशा लेकिन वह कहीं नहीं मिला।

सूचना मिलते हुए पुलिस भी रेस्क्यू टीम के साथ पहुंच गई लेकिन शाम तक उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। आज सुबह एक बार फिर रेस्क्यू शुरु हुआ और गोपी वहीं चट्टानों के बीच में मिल गया। गोपी के परिजन भी कल रात से वहीं डटे हुए थे, जो कि गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पाटन की तरफ गई टीम दो दिन पूर्व रंगरेज मोहल्ला अपने नाना-नानी के घर घूमने गया 8 वर्षीय फरहार वहां स्थित एक नाले में बह गया। शनिवार शाम और रविवार पूरे दिन उसकी तलाश चली लेकिन वह कहीं नहीं मिला। बताया जा रहा है कि बालक जिस नाले में बहा वह हिरन नदी में जाकर मिलता है, इसलिए उसकी वहां भी तेज तलाश चल रही थी लेकिन वह नही मिला, आज रेस्क्यू टीम ने पाटन की तरफ रुख किया है। 
https://www.youtube.com/watch?v=EzHkXXapFDY