आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन जबलपुर के इटारसी छोर पर आउटर सिग्नल के नजदीक आज सुबह लगभग 5:45 बजे इंदौर से चलकर जबलपुर आ रही ट्रेन क्रमांक-12291ओवरनाइट एक्सप्रेस हादसे का शिकार हो गई। तेज आवाज के साथ अचानक ट्रेन की दो बोगी पटरी से नीचे उतर गई। यहां ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच चीख पुकार व अफरातफरी का माहौल बन गया। वह तो गनीमत थी कि ट्रेन की रफ्तार एकदम न के बराबर थी नहीं तो बड़ा ट्रेन हादसा हो सकता था।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार इंदौर-जबलपुर ओवरनाईट एक्सप्रेस सुबह अपने निर्धारित समय पर चलकर जबलपुर स्टेशन के आउटर सिग्नल तक पहुंच चुकी थी। ट्रेन को प्लेटफार्म नम्बर-6 पर प्लेस होना था। एकदम धीमी रफ्तार से ट्रेन प्लेटफार्म नम्बर-6 की तरफ बढ़ ही रही थी कि अचानक इंजन के पीछे लगी एसएलआर बोगी व आरए कोच अचानक तेज आवाज के साथ पटरी के नीचे उतर गए। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर इंजन को जहां का तहां खड़ा कर दिया।

खतरे का बजा सायरन, जीएम व डीआरएम पहुंचे मौके पर

हादसे की खबर लगते ही एक के बाद एक लगातार खतरे का 5 सायरन बजा। किसी अनहोनी की आशंका को ध्यान में रखकर रेल अधिकारी चौकन्ने हो गए। पमरे जीएम शोभना बंदोपाध्याय, जबलपुर डीआरएम विवेक शील,सीपीआरओ हर्षित श्रीवास्तव तथा एडीआरएम व सीनियर डीसीएम सहित अन्य अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। यहां रेलवे यार्ड से तत्काल रिलीफ ट्रेन को मौके पर भेजा गया जहां लगभग डेढ घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन द्वारा उतरी हुई बोगी को लूप लाइन पर रखकर प्रभावित रहे 5 व 6 नम्बर प्लेटफार्म के डाउन ट्रेक को सुबह 8 बजे चालू करवा दिया गया।

ट्रेन को खींचकर मदन महल स्टेशन पहुंचाया

हादसे के बाद पटरी से उतरी हुई दोनो बोगियों को ओवरनाइट के रैक से काटकर अलग करने के बाद बाकी की बोगियों को सीधे मदन महल रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया ताकि ट्रेन में सवार यात्री सुरक्षित प्लेटफार्म पर उतर कर अपने घर जा सकें। बताया जाता है कि कुछ यात्री जिन्हे घर जाने की जल्दी थी वे घटना स्थल पर ही उतरकर पटरी पटरी चलकर प्लेटफार्म नम्बर-2,3 व 4, 5,6 पर पहुंच गए थे।

डिप्टी सीओएम का था आरए

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार  इस हादसे में जो आरए (रेल अधिकारी का विशेष कोच)पटरी से नीचे उतर गया है उसमें पमरे के डिप्टी सीओएम विश्वरंजन सवार थे,जिन्हे पैदल चलकर प्लेटफार्म नम्बर-6 पर पहुंचना पड़ा।

<iframe frameborder="0" src="//www.youtube.com/embed/WfdBl_yA7Xo" width="640" height="360" class="note-video-clip"></iframe>