आर्य समय  संवाददाता,जबलपुर। सिविल लाइन थानांतर्गत पीएम एक्सीलेंस महाकौशल कॉलेज के गेट पर तीन बदमाशों ने चाकू से हमला कर छात्र को घायल कर दिया। घटना से आसपास दहशत फैल गई और हमलावर चाकू लहराते हुए वहां से चले गए। पुलिस ने घायल को उपचार हेतु विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया है।

 जानकारी के मुताबिक गोपाल होटल के पास रहने वाला 20 वर्षीय संदीप गौतम महाकौशल कॉलेज में बीए थर्ड ईयर का छात्र है। जो कि आज दोपहर पीएम एक्सीलेंस कॉलेज के उद्घाटन में शामिल होने घर से निकला। वह ऑटो से गेट के सामने उतरा ही था कि बाइक से तीन लड़के आए और उन्होंने बिना कुछ कहे-सुने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में घायल संदीप वहीं गिर पड़ा। घायल ने पुलिस को बताया कि वह हमलावरों के नाम तो नही जानता लेकिन वे तीनों अक्सर ही कॉलेज के बाहर खड़े रहते हैं और कॉलेज के दूसरे लड़कों को भी बदमाशी बताते हैं। संभवत: वे तीनों क्षेत्र में स्थित किसी अन्य कॉलेज में ही पढ़ते हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।