आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। घमापुर थानांतर्गत कांचघर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के तीन बदमाशों ने चाकू से हमला कर युवक को मौत के घाट उतार दिया। घटना उस वक्त की है, जब कांचघर कामें चल समारोह भी निकल रहा था। जैसे ही क्षेत्रीय लोगों को इसकी जानकारी मिली, लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पंचनमा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि कांचघर हाउसिंग बोर्ड में रहने वाला 42 वर्षीय नवीन शर्मा रात करीब 1 बजे दशहरा घूमकर वापस अपने घर लौट रहा था। घर के पास ही उसने देखा कि सनी कोल, हर्षित गौतम और अमन चौधरी शराब पी रहे हैं।
नवीन ने उन्हें घर से पास से उठकर कहीं और जाकर शराब पीने की नसीहत दी तो वे तीनों भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए सीधे उस पर दनादन चाकू से हमला कर दिया।
घटना में खून से लथपथ होकर वह वहीं गिर पड़ा और बदमाश वहां से भाग निकले। घटना की जानकारी लगते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, पुलिस जिनकी तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
<iframe frameborder="0" src="//www.youtube.com/embed/yNFR1FYsq2k" width="640" height="360" class="note-video-clip"></iframe>
क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि मोहल्ले में बदमाश प्रवृत्ति के लड़के खुलेआम शराब पीते हैं। रात के वक्त तो लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। आलम यह है कि यदि कोई उन्हें मना करे या रोके तो वे लड़ने पर उतारु हो जाते हैं। ऐसे में शरीफों ने बदमाशों को कुछ बोलना भी बंद कर दिया है, जहां भी वे शराबखोरी देखते हैं अपना रास्ता बदल लेते हैं। ऐसे में बदमाशों के हौंसले बुलंद हो रहे हैं।
नवीन के भाई का कहना है कि उसका किसी से कोई पुराना विवाद नहीं था। शराब पीने से रोकने पर भी तत्कालिक विवाद हुआ और चाकू से हमले के बाद अधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई।

Continue With Google
Comments (0)