आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। बुधवार को कटंगी के थूआ पड़रिया गांव में रहने वाले 20 वर्षीय छात्र की तालाब में उतरते हुए लाश मिली है। छात्र का नाम अरुण सिंह लोधी है, जो कि 1 अक्टूबर से लापता था। युवक के सिर पर किसी धारदार हथियार से हमले से हुए घावों के निशान मिले हैं। जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है।
बताया जाता है कि परिजनों के द्वारा कटंगी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी, तभी से पुलिस भी लगातार युवक को तलाश कर रही थी। बुधवार की सुबह जब ग्रामीण तालाब के पास से गुजर रहे थे, तभी बदबू आने पर जब लोगों ने तालाब के पास आकर देखा तो अरुण सिंह का शव तालाब किनारे था। ग्रामीणों ने तुरंत परिजन और फिर कटंगी थाना पुलिस को शिकायत की।
जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पीएम के लिए पाटन स्वास्थ्य केन्द्र भेज जांच शुरु कर दी है। बताया जा रहा है कि युवक एक अक्टूबर की रात में अपने दो दोस्तों के साथ निकला था और फिर वापस लौटकर नहीं आया। अरुण के शरीर पर चोट के निशान भी मिले है।
20 वर्षीय अरुण सिंह कटंगी के प्रज्ञा धाम कालेज में बीए सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। रोज की तरह 1 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे खाना खाने के बाद टहलने निकला और फिर देर रात तक लौटकर जब घर वापस नहीं आया तो परिवार वाले उसे तलाश करने लगे। पिता पूरन सिंह लोधी ने बताया कि अरुण रोजाना रात को घूमने निकलता था, और एक घंटे में घर वापस भी आ जाया करता था, पर 1 अक्टूबर को जो गया तो फिर लौटकर नहीं आया।
जवान बेटे की लाश देख माता-पिता बेसुध हो गए है। परिजनों का कहना है कि निश्चित रुप से अरुण के साथ कोई घटना हुई है। पेशे से किसान पूरन सिंह लोधी के दो बेटे है। बड़ा बेटा अरुण जो कि बीए सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था, जबकि छोटा बेटा 11वीं का छात्र है। परिजनों का कहना है कि उसका किसी के साथ कोई विवाद नहीं था। रोजाना घर से कॉलेज जाता था। अधिकतर समय खेत में या फिर परिजनों के साथ बिताने वाले अरुण की संदिग्ध हालत में मौत होने से हर कोई स्तब्ध है। एएसपी सुर्यकांत शर्मा ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। सिर पर चोटी के निशान भी मिले हैं। वहीं परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे है। दो लड़के जो कि आखिरी बार अरुण के साथ देखे गए थे, उनसे भी पूछताछ की जाएगी।
<iframe frameborder="0" src="//www.youtube.com/embed/RCpk1OQ-4SU" width="640" height="360" class="note-video-clip"></iframe>

Continue With Google
Comments (0)