आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। कटंगी के तुल्ला बाबा पहाड़ी में मृत जानवरों के अंग अवशेष मिलने के मौके पर पहुंची SDM,SDOP,CM,तहसीलदार एवं थाना प्रभारी और पशु चिकित्सक की टीम ने जांच शुरू कर दी है। वहीं शव परीक्षण पशु चिकित्सक द्वारा किया गया है।
जांच के उपरांत पाया गया कि प्राप्त अवशेष अनुसार मृत जानवरों की कुल संख्या 57 है। अवशेष डेढ़-दो माह से लेकर सवा दो वर्ष तक पुराने हैं। प्राप्त अवशेष में अधिकतम पांच ही गौवंश के हैं। तीन पसली अवशेष को देखकर यह प्रतीत होता है कि उन्हें धारदार हथियार से काटा गया है। परन्तु यह स्पष्ट नहीं होता है कि उक्त पसली गौवंश की हैं। 57 पशु स्कल के संबंध में प्रथम दृष्टया यह प्रतीत नहीं होता है कि उन्हें मारा गया है। यह साक्ष्य नहीं मिले हैं कि मौक़ा स्थल पर जानवरों को अवैध ढंग से काटा जाता रहा है।
यह साक्ष्य भी नहीं मिले हैं कि वहाँ मृत जानवरों को लाकर फेंका जाता रहा है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में पालतू एवं जंगली जानवर विचरण करते हैं। दुर्घटना या सामान्य मृत्यु होने पर शव वहीं पड़े रहते हैं, जो कालान्तर में अवशेष में परिवर्तित हो जाते हैं।
जिला प्रशासन का कहना है कि प्रकरण में पुलिस द्वारा अनुसंधान किया जा रहा है. विस्तृत छानबीन और साक्ष्य के आधार पर विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि बुधवार को पहाड़ी में अंग अवशेषों के मिलने के बाद हिंदूवादी संगठनों ने जमकर हंगामा किया था। संगठनों की शिकायतों पर ही जांच कराई जा रही है।

Continue With Google
Comments (0)