आर्य समय  संवाददाता, जबलपुर। पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुशवाह ने 1 मई 2024 से 30 जुलाई तक जोन में घटित अपराधों की जिलेवार समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षकों को पेंडिंग अपराध की जांच में तेजी लाने सहित लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। आईजी ने कहा कि गंभीर अपराधों के प्रकरण की विवेचना में और तेजी लाने के प्रयास कराए जाएं। जघन्य मामलों में वारदात स्थल से जुटाए गए भौतिक एवं परीस्थितिजन्य साक्ष्य के सहारे अपराधी तक पहुंचने के हरसंभव प्रयास हों। अपराध को सिद्ध करने एवं अपराधी को सजा दिलाने में अपराध विवेचना दौरान वारदात स्थल से मिले साक्ष्य बेहद अहम होते हैं। जांच दौरान अधिक से अधिक साक्ष्य जुटाने के प्रयास हों। बैठक में डीआईजी छिंदवाड़ा सचिन अतुलकर एसपी जबलपुर आदित्य प्रताप सिंह, एसपी कटनी अभिजीत रंजन, एसपी छिंदवाड़ा मनीष खत्री, एसपी सिवनी सुनील कुमार मेहता, एसपी नरसिंहपुर अमित कुमार एवं एसपी पाढुर्ना राजेश तिवारी मौजूद रहे।

आईजी जबलपुर जोन ने कहा कि महिला संबंधी दर्ज अपराधों की विवेचना में देरी न हो और 363 के सभी प्रकरणों में पुलिस द्वारा सतत दस्तयाबी के प्रयास हों, इसकी समय-समय पर समीक्षा होगी। जमीन संबंधी विवाद का निराकरण कराने के लिए राजपत्रित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में राजस्व अधिकारियों से समन्व बनाकर रखें। जमीन बटवारा, कब्जा एवं नामांतरण को लेकर होने वाले छोटे से छोटे विवाद पर नजर रखें और निराकरण के संभावित प्रयास करें। थाना पहुंचने वाले फरियादी की शिकायत ध्यान पूर्वक सुनी जाए। बारिश की अधिक संभावना और जलभराव को ध्यान में रखते हुए चिन्हित स्पॉट (पानी वाले क्षेत्र) की सुरक्षा/बचाव के लिए हमेशा तैयार रहें। आईजी ने कहा कि किसी भी जिले में जुआ-सट्टा, अवैध शराब व अन्य नशे का कारोबार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगा। छोड़े-बड़े तस्करों पर प्रतिदिन कार्रवाई कराएं।  

हत्या में फरार की पहचान/गिरफ्तारी अहम-

समीक्षा करते हुए आईजी अनिल कुशवाह ने कहा कि अंधे कत्ल के प्रकरणों में हत्या करने वालों की पहचान होने के हरसंभव प्रयास किए जाएं। कई मामलों में हत्या करने के बाद भी चिन्हित आरोपी पुलिस पकड़ से अब तक दूृर हैं। इनामी फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ जिलाबदर व निगरानी बदमाशों पर नजर बनाकर रखें। चिन्हित असामाजिक एवं विध्नसंतोषी तत्वों पर सतत निगाह रखी जाए। चाकूबाजी की बढती वारदातों पर अंकुश लगाएं। पुलिस की कार्रवाई से आम नागरिकों में पुलिस के प्रति सुरक्षा का भाव तथा असमाजिक तत्वों/गुण्डे बदमाशों में पुलिस का खौफ होना चाहिए।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निष्पादन  

आईजी अनिल कुशवाह ने कहा कि आगामी दिनों में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का तत्परता से गुणवत्ता पूर्वक एवं संतोषप्रद निराकरण कराने पर सभी को फोकस करना होगा। संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से स्वयं चर्चा करें।  

आवश्यक काउंसलिंग से भी सुलझाएं कई मामले बीते 7 माह में हुई कुल हत्या की वारदातों की समीक्षा में जोन के सभी जिलों में 65 % हत्याएं पारिवारिक विवाद/झगड़ा/अंर्तकलह/शंका के कारण होना पाई गई हैं। अपराध रोकने के लिए झगड़ा प्रकरण में दोनों पक्षों के बीच आवश्यक रूप से काउंसलिंग हो, ताकि सहानूभूति पूर्वक, फ्रैंडली काउंसलिंग से उक्त विवाद अपराध में तब्दील ना हो सके।

https://www.youtube.com/watch?v=A0el_Cmjwwk&feature=youtu.be