आर्य समय संवाददाता, भोपाल। लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस से भाजपा में आए रामनिवास रावत के लिए सोमवार को मोहन मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। लेकिन उन्होंने 15 मिनट के अंतराल से दो बार शपथ ली, क्योंकि मुख्य कार्यक्रम में रावत ने गलती से राज्यमंत्री पद की शपथ ले ली थी। जब यह बात जीएडी के अफसरों के ध्यान में लाई गई तो आनन- फानन में राज्यपाल ने एक हॉल में रावत को दोबारा कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलवाई।
सूत्रों के मुताबिक रामनिवास रावत ने मंत्री पद की शपथ लेने से पहले कांग्रेस विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। इसलिए उन्हें आने वाले 6 महीने के भीतर चुनाव जीतकर विधायक बनना होगा। दरअसल लोकसभा चुनाव से पहले रावत ने भाजपा ज्वाइन की थी, लेकिन उन्होंने कांग्रेस के विधायक पद से इस्तीफा नहीं दिया था, इसीलिए रावत को अब नए सिरे से चुनाव में जाना होगा।
ऐसे हुई शपथ में गफलत
मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने रामनिवास रावत को जब शपथ के लिए बुलाया तो उन्हें शपथ के लिए जो इबारत लिखी हुई मिली, उसमें 'राज्य के मंत्री' के रूप में शपथ लेना लिखा हुआ था, गफलत में रावत ने 'राज्यमंत्री' पढ़ लिया और दोनों बार वे 'राज्यमंत्री' बोल गए। कार्यक्रम में बैठे कुछ नेता और अधिकारियों ने इस गलती को भांप लिया और तत्काल जिम्मेदार अधिकारियों और मुख्यमंत्री सचिवालय के संज्ञान में इस बात को लाया गया। इसके बाद गलती सुधारते हुए 15 मिनट के भीतर दोबारा कैबिनेट मंत्री की शपथ दलाई गई। कैबिनेट मंत्री की शपथ लेने के बाद राम निवास रावत प्रदेश भाजपा दफ्तर पहुंचे। वे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ यहां पर पहुंचे। रावत पहली बार भाजपा दफ्तर आए हैं।
सीएम ने दिए कमलेश शाह को मंत्री बनाने के संकेत
सीएम डॉ. मोहन यादव सोमवार को अमरवाड़ा पहुंचे। उन्होंने यहां पर संकेतों में यह बताने का प्रयास किया कि अमरवाड़ा से कमलेश शाह जीते तो सरकार में वे मंत्री बनाए जा सकते हैं। दरअसल मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा में कहा कि हम तो इस बात का इंतजार कर रहे है कि छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र की अमरवाड़ा विधानसभा जीतकर आए तो सरकार कुछ और बनाने पर विचार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है जनता का उत्साह बताता है कि कमलेश शाह इस बार भाजपा से चुनाव जीत रहे हैं।
CM ने दी बधाई, बोले अनुभव का मिलेगा लाभ
प्रदेश के नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री रामनिवास रावत को शपथ ग्रहण करने के बाद नये दायित्व के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बधाई दी। सीएम ने कहा कि कैबिनेट मंत्री होने के नाते उनके अनुभव का लाभ पूरे मंत्रिमंडल और प्रदेशवासियों को मिलेगा। राजभवन में रामनिवास रावत के शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि मंत्रिमंडल में नये सदस्य का आगमन हुआ है। रावत सार्वजनिक जीवन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वे चंबल अंचल के श्योपुर जैसे विकास की संभावना वाले जिले को प्रभावी प्रतिनिधित्व प्रदान कर रहे है। उनके अनुभव का लाभ सभी को मिलेगा।

Continue With Google
Comments (0)