वक्फ बोर्ड के मामले में भाजपा की विधायक और पूर्व मंत्री उषा ठाकुर का बयान आया है। उन्होंने कहा है कि देशभक्तों को इस मुद्दे पर डटकर खड़े रहना चाहिए। भाजपा की पूर्व कैबिनेट मंत्री और इंदौर जिले के महू विधानसभा की वर्तमान विधायक उषा ठाकुर ने इंदौर कलेक्ट्रेट ऑफिस में मीडिया से चर्चा करते हुए यह बयान दिया। ठाकुर ने वक्फ बोर्ड पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि ‘आधे हिंदुस्तान पर वक्त बोर्ड का कब्जा है।’

उषा ठाकुर ने संसद में वक्फ बोर्ड को लेकर उठाए गए मुद्दों का समर्थन करते हुए कहा कि सभी देश भक्तों को इस मुद्दे पर डट कर खड़े होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘भारत संविधान से चलने वाला देश है और संविधान हमारी आत्मा है। इसके विरुद्ध कोई भी कार्य करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।’ उषा ठाकुर ने वक्फ बोर्ड को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक ऐसा कानून है जहां ‘न कोई अपील है और न ही कोई दलील’। 

बिना कानूनी प्रक्रिया के जमीनों पर दावा करता है वक्फ बोर्ड

उषा ठाकुर के अनुसार, वक्फ बोर्ड बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के किसी भी जमीन पर दावा कर सकता है और इसे अपनी संपत्ति घोषित कर सकता है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में बिना प्रमाण या दस्तावेजों के समय के साथ इस तरह के दावे किए गए हैं, जिससे लोगों की संपत्तियों पर वक्फ बोर्ड का कब्जा हो चुका है। पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि जो भारतीय संविधान के अनुसार प्रमाणित दस्तावेज रखते हैं, उन्हें उनकी संपत्तियों का अधिकार मिलेगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संविधान का पालन हर नागरिक और संस्था के लिए अनिवार्य है, और किसी भी अकारण दावे को निरस्त किया जाना चाहिए। उषा ठाकुर के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

कई विवादित बयान दे चुकी हैं उषा

उषा ठाकुर इससे पहले कई बार विवादित बयान दे चुकी हैं। वे गरबा पांडालों, भारत पाकिस्तान विवाद और धार्मिक आधार पर कई बार बयान दे चुकी हैं। उनके बयानों की वजह से वे अक्सर चर्चा में रहती हैं।