आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। मुम्बई में लगातार हो रही मानसूनी मूसलाधार बारिश के चलते रेलवे नेटवर्क ध्वस्त हो गया है। पुल पुलियों सहित रेलवे ट्रेक पर दो फिट से ऊपर पानी भर जाने की वजह से जबलपुर से मुम्बई जाने वाली ट्रेनों को जहां गंतव्य स्टेशनों के पहले ही रोका जा रहा है तो वहीं मुम्बई से चलकर जबलपुर पहुंचने वाली ट्रेनों को रूट डायवर्ट करके चलाया जा रहा है।

रेल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) से चलकर इटारसी के रास्ते जबलपुर पहुंचने वाली सभी ट्रेनें के 4 घंटा से लेकर 17 घंटा तक देरी से चलकर जबलपुर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। सभी ट्रेनों को बदले हुये मार्ग वेस्टन रेलवे से भुसावल होकर जबलपुर भेजा जा रहा है। रेलवे पूछताछ केन्द्र से प्राप्त हुई ताजा जानकारी में बताया गया है कि ट्रेन क्रमांक-12322 मुम्बई- हावड़ा मेल जिसका जबलपुर पहुंचने का निर्धारित समय 13:20 बजे का है वह 4 घंटे विलम्ब से चलकर जबलपु पहुंचेगी। इसी तरह से ट्रेन क्रमांक 22177 महानगरी एक्सप्रसे जिसका जबलपुर पहुंचने का समय दोपहर 15:50 बजे का निर्धारित है यह ट्रेन 4 घंटा विलम्ब से चलकर रेलवे समयानुसार रात्रि लगभग 20 बजे जबलपुर स्टेशन पहुंचेगी। लेटलतीफी की इस कड़ी में ट्रेन क्रमांक 12167 एलटीटी-बनारस दादर एक्सप्रेस 8 घंटा तथा ट्रेन क्रमांक 12141 पटना सुपरफास्ट ट्रेन 17 घंटा देरी से चलने की वजह से इन दोनों ट्रेनों को री-शेड्यूल करके चलाया जा रहा है।