मध्य प्रदेश के रहने वाले एक प्रेमी जोड़े ने उत्तर प्रदेश के कानपुर में थाने में सरेंडर किया है। दोनों परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी करना चाहते थे लेकिन यह नहीं हो पाया तो घर से भाग निकले। लड़की के परिजन ने लड़के के खिलाफ एमपी में अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया था, जिसके बाद से पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। कपल को जब इस बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने कानपुर थाने में सरेंडर कर दिया। कानपुर पुलिस ने दोनों को मध्य प्रदेश पुलिस के हवाले कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश के दतिया की रहने वाली नौशीन को ग्वालियर के रहने वाले फारुख से प्यार हो गया। दोनों कई साल से एक-दूसरे के प्रेम में थे और शादी करने की इच्छा रखते थे लेकिन दोनों के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। ऐसे में 6 महीने पहले दोनों अपने घर से भाग गए और जयपुर पहुंचे। इसके बाद दतिया में नौशीन के परिवार ने फारुख पर अपहरण का केस दर्ज करा दिया। पुलिस दोनों की तलाश करने लगी।
इधर, घर से भागे प्रेमी युगल के पास जब घर से लाए पैसे खत्म हो गए और उनके जयपुर में होने की सूचना पुलिस को मिल गई, तब वे वहां से भागकर कानपुर आ गए। यहां वे अपने एक रिश्तेदार के यहां ठहरने के लिए गए लेकिन दोनों की सच्चाई जानकर रिश्तेदार ने दोनों को अपने यहां रुकने से मना कर दिया। दोनों तीन दिनों तक कैंट में एक पुल के नीचे रुके। दोनों ने अपने घर फोन किया तो पता चला कि पुलिस उन्हें ढूंढते हुए कानपुर पहुंच गई है। यह जानकर दोनों ने कानपुर के जाजमऊ थाने में सरेंडर कर दिया। वहां से दोनों को दतिया पुलिस को सौंप दिया गया है। नौशीन ने उन्हें कोर्ट में पेश करने की मांग की है।

Continue With Google
Comments (0)