आर्य समय संवाददाता, बालाघाटजिले के बासी गांव में केंद्र सरकार की महत्वकांछी परियोजना के अंतर्गत नव-निर्मित इथेनॉल प्लांट में बीती शाम तकरीबन को 7:30 बजे ग्राम बकेरा एवं बासी के बीच कुछ उपद्रवी एवं अराजक तत्वों द्वारा संयंत्र परिसर में तोड़फोड़, बलवा, आगजनी एवं संयंत्र में खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दिया गया। जिससे काफी नुकसान हुआ है। हालांकि ऐसा करने के पीछे का मुख्य कारण क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। लेकिन जानकारी मिली है कि गांव का कोई युवक रिमझिम बारिश मे छाता पकडकर मोटर साइकिल से जा रहा था और उसी वक़्त आगे आगे इथेनाल प्लांट का एक ट्रक गुजर रहा था। इस दौरान ही बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर आगे जा रहे ट्रक से टकराकर गिर गया, जिसे मामूली चोट आईं।

लेकिन संभवत: इसी घटना से आक्रोषित होकर स्थानीय कुछ 150 असामाजिक लोगो ने बिना अनुमति में प्लांट में प्रवेश करके हमला कर दिया और कार्यालय, कॉन्टेनर, मशनिरी उपकरण में तोड़फोड़ कर दी। जिसके बाद प्लांट कर्मचारियों मे दहशत का माहौल है। प्लांट मैनेजर दिनेश सिंह ने बताया कि अचानक हुए हमले से पूरा स्टाफ दहशत में है और कार्य भी बाधित हो चुका है। वही पूरे घटनाक्रम से कम्पनी को लगभग 25 लाख का नुकसान हुआ है। इस सन्दर्भ में हमने थाने को प्राथमिकी सूचना दी है और जल्द ही शिकायत दर्ज करवायेंगे।