आर्य समय  संवाददाता,जबलपुर। भेड़ाघाट थानांतर्गत गौ-बच्छा घाट में दोस्तों के साथ नहाने गया एक युवक नर्मदा में डूब गया। युवक को खोजने के लिए पुलिस सुबह से ही रेस्क्यू में जुटी है लेकिन फिलहाल उसका कोई सुराग नहीं लगा है। घटना की जानकारी लगने के बाद परिजन व उसके मित्र घाट पर ही मौजूद हैं।

 जानकारी के मुताबिक कमला नेहरु नगर लेबर चौक में रहने वाला 27 वर्षीय रुद्राक्ष सोनी अपने चार दोस्तों के साथ भेड़ाघाट के बंधा गांव स्थित गौ-बच्छा घाट में नहाने गया था। वे पांचों काफी देर तक नहाते रहे लेकिन फिर अचानक रुद्राक्ष गहराई में चला गया और डूब गया। उसके मित्रों ने उसे खोजने का प्रयास किया लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो तत्काल पुलिस को परिजनों को खबर दी। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखारों की मदद से उसे खोजा लेकिन अंधेरा होने तक उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। आज सुबह एक बार फिर पुलिस ने प्रयास शुरु कर दिए हैं लेकिन समचार लिखे जाने तक रुद्राक्ष नहीं मिला। बताया जा रह है कि परिजन कल रात से ही घाट पर हैं वे घर नहीं गए और रो-रोकर बुरा हाल है। नर्मदा जी के अन्य नजदीकी घाटों पर भी रुद्राक्ष की तलाश की जा रही है।