आर्य समय  संवाददाता, जबलपुर। प्रेमसागर क्षेत्र में गौरव इलेक्ट्रॉनिक दुकान के संचालक ने शटर बंद कर दुकान के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति के लिए खाना लेकर दुकान पहुंची पत्नी ने आवाज लगाने के बाद शटर से झांककर अंदर देखा तो पति फांसी के फंदे से लटके हुए थे। सूचना पर पहुंची हनुमानताल पुलिस ने लाश को फंदे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल भेजा है। आत्महत्या के कारण जानने के लिए पुलिस ने मृतक के परिजन और परिचितों से आवश्यक पूछताछ की है।

उप निरीक्षक कनक सिंह बघेल ने बताया कि भानतलैया रोड निवासी राजेश समुंद्रे की प्रेमसागर सरकारी क्वार्टर के पास इलेक्ट्रॉनिक सामग्री सुधारने की गौरव इलेक्ट्रॉनिक के नाम से दुकान है। राजेश समुंद्रे दोपहर में घर खाना खाने नहीं गया तो शाम को पत्नी अनुराधा समुंद्रे खाना लेकर दुकान पहुंची थी। शटर बंद होने पर उसने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई रिस्पांस नहीं मिलने पर उसने शटर से झांककर देखा, तो पति फांसी के फंदे पर लटके हुए थे। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के व्यापारियों ने पुलिस को सूचना दी। बेटे की मौत की खबर सुनकर मौके पर पहुंची मां ने पुलिस को बताया कि बेटे राजेश को 3 लोग कई दिन से किसी बात को लेकर धमका रहे थे।  राजेश अपनी परेशानी घर में किसी से नहीं बताता था। राजेश का घर में किसी से कोई विवाद नहीं था।