आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। 27 जून गुरुवार की सुबह डुमना एयरपोर्ट में हुए अजीबो-गरीब हादसे में केनोपी फटने से उसमें जमा हुआ बरसाती पानी नीचे खड़ी कार में गिरने से इनकम टैक्स अधिकारी की कार डेमेज हो गई थी। उक्त हादसे की जांच विशेषज्ञों की एक टीम के हवाले की गई है। मुंबई से टीम जबलपुर पहुंच पाती, इसके पहले आज शनिवार की सुबह भाजपा सांसद और विधायकों की टीम घटनास्थल का मुआयना करने पहुंची।

सांसद आशीष दुबे, विधायक अशोक रोहाणी, अभिलाष पांडे सहित भाजपा संगठन पदाधिकारियों के साथ पहुंचे नेताओं ने केनोपी फटने और उससे तीव्र वेग से पानी गिरने से क्षतिग्रस्त हुई कार के मामले में पड़ताल की। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों को भाजपा नेताओं ने ऐसे हादसे की पुनरावृत्ति होने से रोकने उचित कदम उठाने के निर्देश दिए।

कहा यह भी जा रहा है कि आज सुबह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जबलपुर डुमना एयरपोर्ट पर आगमन प्रस्तावित था,इसके चलते भाजपा विधायक और सांसद व नगर अध्यक्ष आदि भी एयरपोर्ट पहुंचे हुए थे। इसी बहाने उन्होंने ने घटनास्थल का भी मुआयना कर लिया।

उधर डुमना एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक इस मामले की तकनीकी कारणों की जांच करने सिविल एविएशन द्वारा भेजी गई एक्सपर्ट की टीम भी आज मुम्बई से आ रही है। बता दें कि हाल ही में यहां नई टर्मिनल बिल्डिंग निर्माण और उद्घाटन के बाद हुई इस घटना से आरोप लग रहा है कि निर्माण में गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा गया है।

https://www.youtube.com/watch?v=FQ4ENHJXzWA