आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। करीब 1 माह पहले हुए झगड़े की बात पर रंजिश रखते हुए 4 बदमाशों ने हत्या करने की नीयत से एक युवक पर तलवार-लाठियों से हमला कर दिया। धनवंतरी नगर चौराहे में देर रात हुई वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक को पुलिस लहूलुहान हालत में मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसका उपचार चल रहा है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल की हालत बेहद नाजुक बताई है। पुलिस ने हत्या का प्रयास करने वाले चारों फरार आरोपियों के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है।

संजीवनी नगर पुलिस ने बताया कि गढा क्षेत्र निवासी दिनेश केवट रात करीब 11:30 बजे धनवंतरी नगर चौराहे से होते हुए अपने घर जा रहा था, तभी गढा क्षेत्र के ही रहने वाले डुल्ली केवट और भोला केवट अपने 2 अन्य साथियों के साथ आए और दिनेश से विवाद करते हुए तलवार व लाठी से प्राणघातक हमला कर दिया। चौराहे पर झगड़े की आवाज सुनकर मौके से गुजर रहे एक पुलिस कर्मी बचाव के पहुंचे, तभी आरोपी पुलिस को देखकर भाग गए।

सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि 4 बदमाशों ने एकराय होकर तलवार-लाठी से एक युवक पर जानलेवा हमला किया है। घायल का उपचार मेडिकल में चल रहा है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।