आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के लार्डगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कछियाना इलाके में सोमवार की देर रात बेखौफ बदमाशों ने गुंडागर्दी की हदें पार कर दीं। शराब पीने के लिए रुपए मांगने पर जब एक युवक ने मना किया, तो बदमाशों ने उस पर चाकू और पिस्तौल से जानलेवा हमला कर दिया। वारदात के बाद हमलावर इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य ने बताया कि घटना सोमवार रात करीब 11:30 बजे की है। पीड़ित तरुण मिर्गे कछियाना क्षेत्र में मौजूद था, तभी कुछ बदमाशों ने उससे शराब के लिए पैसों की मांग की। तरुण द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई।
अपराधियों ने पहले तरुण पर चाकू से हमला किया और फिर पिस्तौल निकालकर उस पर गोली चला दी। गोली तरुण के घुटने में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद बेखौफ अपराधी इलाके में खौफ का माहौल बनाते हुए हवा में गोलियां दागते हुए फरार हो गए।
अस्पताल में भर्ती, आज होगा ऑपरेशन
गंभीर रूप से घायल तरुण मिर्गे को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत समीप के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, गोली तरुण के पैर में फंसी हुई है, जिसे निकालने के लिए आज उसका ऑपरेशन किया जाएगा। फिलहाल उसकी स्थिति पर डॉक्टर निगरानी रख रहे हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की ढीली कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार बदमाशों की पहचान व तलाश में जुटी हुई है।
Continue With Google
Comments (0)