आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। थाना रांझी क्षेत्र के आजाद नगर, गोकलपुर में देवी मंदिर के भंडारे के दौरान हुए विवाद के मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या संबंधी धारा 103(1) जोड़ते हुए त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि-विवादित बालक (नाबालिग) को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए बदमाशों का जुलूस भी निकाला।

गाड़ी तेज निकालने की बात पर शुरू हुआ विवाद
घटना 25 अक्टूबर की रात लगभग 10 बजे की है, जब गोकलपुर स्थित देवी मंदिर में भंडारे का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान आरोपी समीर वंशकार का बेटा यश वंशकार अपने एक साथी के साथ वहां से तेज गति से वाहन निकालते हुए गुज़रा। मंदिर के पास मौजूद लोगों ने जब इतनी तेज गति से निकलने पर आपत्ति जताई, तो कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि मुख्य आरोपी समीर वंशकार अपने परिजनों और साथियों के साथ लाठी-डंडे और चाकू लेकर मौके पर पहुंच गया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।

इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
बीच-बचाव करने आए कई लोग इस हमले में घायल हो गए। हमले में पारस यादव नामक युवक के सिर पर लाठी से गंभीर चोट आई थी। उसे तुरंत पहले आशीष अस्पताल और बाद में मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 26 अक्टूबर  को उपचार के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई: हथियार जप्त, आरोपी सलाखों के पीछे
फरियादी रवि शंकर गोटिया की शिकायत पर थाना रांझी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराध क्रमांक 855/26 दर्ज किया। युवक की मौत के बाद प्रकरण में हत्या (धारा 103(1) BNS) एवं हत्या के प्रयास (धारा 109(1) BNS) की धाराएं बढ़ाई गईं।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समीर वंशकार समेत कुल 6 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे और एक चाइना चाकू जप्त किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की सूची:
समीर वंशकार (30 वर्ष) – निवासी आजाद नगर, गोकलपुर (कब्जे से 1 डंडा और 1 चाइना चाकू जप्त)

अभिषेक उर्फ बबला वंशकार (22 वर्ष) – निवासी लालमाटी (कब्जे से 1 डंडा जप्त)

रोहित वंशकार (24 वर्ष) – निवासी आजाद नगर, गोकलपुर (कब्जे से 1 डंडा जप्त)

आकाश वंशकार (32 वर्ष) – निवासी शीतलामाई (कब्जे से 1 डंडा जप्त)

शालिनी वंशकार (28 वर्ष) – निवासी आजाद नगर, गोकलपुर

धांधू वंशकार (60 वर्ष) – निवासी आजाद नगर, गोकलपुर (कब्जे से 1 डंडा जप्त)

नाबालिग पर कार्रवाई: मामले में संलिप्त 16 वर्षीय विधि-विवादित बालक (निवासी लालमाटी) को भी डंडे के साथ अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है, वहीं नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड (सक्षम प्राधिकारी) के समक्ष भेजा जा रहा है। थाना रांझी पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।