आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रांझी थाना अंतर्गत आजाद नगर गंदी बस्ती क्षेत्र में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हुई हिंसक झड़प में घायल हुई 50 वर्षीय पारस यादव की उपचार के दौरान मौत के बाद क्षेत्र में काफी आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों ने वारदात के विरोध में आज व्हीकल मोड़ में लाश रखकर प्रदर्शन किया। जिसके चलते रांझी मुख्य मार्ग में आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया। वहीं तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया।
पूर्व पार्षद राजेश यादव और युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव रोहित सैनी ने कहा कि धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मृतक पारस यादव की र्निमम हत्या कर दी गई। शासन को उनके परिजनों को मुआवजा दिया जाना चाहिए। वहीं वारदात में शामिल रहे बदमाशों के अवैध निर्माणों पर तत्काल बुलडोजर चलाया जाए। इसके अलावा हमले में घायल लोगो को भी मुआवजा दिया जाए।
उल्लेखनीय है कि रविवार की रात रांझी आजाद नगर क्षेत्र में नवरात्र के बाद भंडारा चल रहा था। इसी दौरान इसी दौरान कुछ लोग तेज गति से बाइक लेकर वहां से निकले। स्थानीय लोगों ने उन्हें वाहन धीरे चलाने की हिदायत दी, जिससे नाराज होकर बाइक सवार युवक वहां से चला गया और कुछ ही देर बाद अपने अन्य साथियों को लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ वापस लेकर आ गया। आरोपियों ने आते ही विवाद शुरू कर दिया और विरोध करने पर लाठी-डंडों से अंधाधुंध मारपीट शुरू कर दी। इस हिंसक झड़प में बीच-बचाव करने आए लोगों को भी चोटें आईं।
एक आरोपी द्वारा धारदार हथियार (चाकू) से किए गए वार के कारण दो लोगों के पैरों में गंभीर चोटें आई। वहीं सिर पर गंभीर चोट आने के कारण 50 वर्षीय पारस यादव को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट में रखा था। लेकिन सोमवार की रात उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं घायलों में रवि गोटियां,रागिनी गोटियां,पप्पू वर्मा,अनुज कोल,आदि गोटियां,बिट्टू झरिया,मनीषी गोटियां का उपचार चल रहा है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर वंशकार और उसके अन्य साथियों के खिलाफ प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। वहीं छह आरोपियों की गिरफ्तारी भी कर ली गई है। वहीं मौके पर पहुंचे एसडीएम ने परिजनों की मांग पर 24 घंटे में उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
Continue With Google
Comments (0)