आर्य समय संवाददाता,रीवा। जिले के त्यौंथर तहसील में पदस्थ एसडीएम का रीडर तहसीलदार के फैसले के विरुद्ध स्टे दिलाने के लिए 14,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है। कार्रवाई पूरी हो जाने के बाद एसडीएम के रीडर को जमानत पर रिहा कर दिया गया है।

लोकायुक्त टीम ने एसडीएम के रीडर के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर मामले को जांच में ले लिया है। लोकायुक्त टीम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गत दिनों लोकायुक्त कार्यालय में उपस्थित होकर आवेदक मझिगवां के रहने वाले उमेश कुमार शुक्ला ने शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायतकर्ता के अनुसार शशि विश्वकर्मा (खंड लेखक एवं रीडर अनविभागीय अधिकारी राजस्व त्यौंथर, रीवा) तहसीलदार द्वारा दिए गए निर्णय के विरुद्ध स्टे दिलाने के एवज में बीस हजार रुपए की मांग कर रहे थे। मोल भाव करने के बाद मामला 14,000 तय हो गया था। शिकायत सत्यापन उपरांत लोकायुक्त संभाग रीवा के प्रभारी पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपी को 14,000 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ ट्रैप किया गया है।