आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) के 36 वें दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियों में जुटे प्रशासन के सामने नित नई चुनौतियां सामने आ रही हैं। दरअसल,अतिथियों के आगमन को ध्यान में रखते हुए आरडीयू प्रशासन ने एमपी टूरिज्म द्वारा संचालित सिविल लाइन स्थित कल्चुरी रेसीडेंसी में 5 कमरे बुक करने के लिए पत्र भेजा था।

पत्र में दीक्षांत समारोह में शामिल होने आ रहे वीआइपी का हवाला दिया गया था। लेकिन होटल प्रबंधन ने पत्र के जबाव में एक पत्र थमा दिया। जिसमें बताया गया है कि 2023 से 2026 के बीच अलग-अलग आयोजनों के लिए होटल में बुकिंग कराई गई थी। जिसका करीब 2 लाख रूपए से ज्यादा का बिल बकाया है।

कई बार विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र लिखे जाने के बाद भी बिल का भुगतान नहीं किया जा रहा है। ऐसे में वर्तमान में चाहे गए कमरे अग्रिम भुगतान जमा करने की स्थिति में ही बुक किए जाएंगे। इस पत्र को लेकर अब आरडीयू के गलियारों में चर्चा का बाजार गर्माया हुआ है। सभी विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खडे़ कर रहे हैं।