अनमोल संदेश, भोपाल
कमला नगर के नेहरू नगर चौराहे पर पुलिस के हवलदार के इकलौते बेटे को एक तेज रफ्तार कार ने रौंद डाला। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वह घर से अपने चचेरे भाई के साथ गन्ने का रस पीने आया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी हैं। कमला नगर थाने के एसआइ गौरव पांडे ने बताया कि नेहरू नगर पुलिस लाइन में रहने वाले पुलिसकर्मी प्रद्युम्न मीणा का इकलौता बेटा 12 वर्षीय अंकुर मीना रविवार को अपने चचेरे भाई के साथ नेहरू नगर चौराहे के पास गन्ने का रस पीने के लिए आया था, वह ठेले के बगल में खड़ा हुआ था, उसी समय नेहरू नगर की तरफ से भदभदा की तरफ जाने के लिए एक कार निकली और कार की रफ्तार तेज थी, मोड़ पर एक व्यक्ति को बचाने की कोशिश में कार अंकुर मीणा को रौंदती निकल गई। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई और कार को रूकवाया। बाद में बच्चे को एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इधर, हादसे की खबर सुनकर बच्चे के स्वजन सन्न रह गए , उनको यकीन नहीं हुआ कि अभी थोड़ी देर पहले हंसते खेलते वह बाहर गया था और यह अनहोनी हो गई। घटना के बाद घर में मातम पसर हुआ है। टीआइ कमला नगर निरूपा पांडे ने बताया कि कार चालक एक प्री वेडिंग शूट के लिए जा रहा था, उसके साथ उनका परिवार भी था। उसने कार की मोड़ पर तेज रफ्तार में कार चला रहा था, अचानक से कार अनियंत्रित होकर मासूम पर चढ़ गई।
इससे उसकी मौत हुई। कार चालक को हिरासत में लेकर कार को जब्त कर लिया गया है।

Continue With Google
Comments (0)