आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रात में हो तेज बारिश के बीच ग्वारीघाट पोलीपाथर स्थित एक प्लाट की निर्माणाधीन दीवार पड़ोसी के घर में गिर गई। हादसे में पड़ोस में रह रहे व्यक्ति की मौत हो गई। दीवार गिरने की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने मलबा हटाकर लाश बाहर निकालते हुए पुलिस को सूचित किया है।
पोलीपाथर नर्मदा नगर निवासी अधिवक्ता मनीष सोनी ने बताया कि संजय चतुर्वेदी के प्लाट में 15 फीट उंची बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया गया है। बीती रात करीब 1:30 बजे तेज बारिश हो रही थी, तभी दीवार का एक हिस्सा पड़ोस में रहने वाले मोहन ठाकुर उम्र 53 साल के मकान में गिर गई। हादसे में मोहन ठाकुर की मलबे में दबने से मौत हो गई है। मनीष सोनी का कहना है कि इससे पहले भी दीवार का एक हिस्सा अचानक गिर गया था,जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां अवैध निर्माण कराया गया था। बताया जाता है कि मोहन यादव का परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जिले के बाहर गया हुआ है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। जानकारी के मुताबिक दीवार का एक हिस्सा पड़ोस में रहने वाले निखरा परिवार के मकान में भी गिरा है, जिसमें कोई क्षति नहीं हुई है। मृतक के भांजे मोती सिंह का कहना है कि संजय चतुर्वेदी के प्लाट की बाउड्री गिरने से मामा की असमय मौत हो गई है। प्रशासन परिवार की मदद करे, ताकि परिजन आगे की अजीविका चला सकें।

Continue With Google
Comments (0)