आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के कमानिया स्थित जैन मंदिर के समीप दिनदहाड़े हुए सुनियोजित लूट की वारदात के बाद क्षेत्र में घंटो हड़कंप मचा रहा। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्राथमिक पूछताछ के बाद सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकालते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

देवरी जिला सागर की रहने वाली ज्योति जैन ने बताया कि वह कुछ दिन पहले मायके जबलपुर आई हैं। सुबह करीब 8 बजे वह कमानिया स्थित जैन मंदिर जा रही थीं, तभी मंदिर से 100 मीटर पहले 2 युवकों ने रोकते हुए कहा कि मैडम कल ही यहां लूट की बड़ी वारदात हो गई है। हम पुलिस वाले हैं, सिविल वर्दी में लूट करने वालों को ही तलाश रहे हैं।
<iframe frameborder="0" src="//www.youtube.com/embed/8Zr06XMMEzI" width="640" height="360" class="note-video-clip"></iframe>

ज्योति जैन का कहना है कि उक्त युवकों के झांसे में आने के बाद उसने सोने की 1 चैन, 2 अंगूठी और 2 चूड़ी उतारी। बदमाशों ने अपने पास से कागज देते हुए कहा कि इसमें रख लिजिए। कागज को घर में जाकर खोलना, कुछ देर बाद संदेह होने पर उसने कागज खोला तो जेवर नकली मिले। पीड़िता का कहना है कि बदमाश करीब 4 लाख रुपए से अधिक कीमत के जेवर लेकर निकल गए। पड़ताल के लिए पुलिस पीड़िता को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम के सीसीटीवी कक्ष पहुंची थी।

ज्योति जैन के साथ हुई वारदात के बाद मंदिर जाने वाली करीब 1 दर्जन से अधिक महिलाएं और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों का कहना था कि कुछ दिन पहले भी एक महिला के साथ इसी स्थान में लूट की वारदात हुई थी। ज्योति जैन के साथ जहां लूट हुई है, उससे 50 मीटर की दूरी पर डायल-100 का फिक्स प्वाइंट है। थाना कोतवाली करीब 300 मीटर दूर है। बड़ा फुहारा में पुलिस के सीसीटीवी कैमरा लगे हुए हैं। सड़क पर सुबह-सुबह बाजार लगने के चलते लोगों की हलचल थी, इसके बावजूद बदमाश वारदात को अंजाम देकर सफलतापूर्वक निकल गए।